खेलों के विकास में शारीरिक शिक्षकों की अहम भूमिकाः पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी।
खेलों के विकास में शारीरिक शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। शारीरिक शिक्षक विद्यार्थी में छिपे हुए खेल हुनर को पहचान कर उसे आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।

खेलों के विकास में शारीरिक शिक्षकों की अहम भूमिकाः पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी।
संवादाता मुकेश कुमार जोशी चित्तौड़गढ़
खेलों के विकास में शारीरिक शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। शारीरिक शिक्षक विद्यार्थी में छिपे हुए खेल हुनर को पहचान कर उसे आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।
यह विचार माध्यमिक शिक्षा के शारीरिक शिक्षकों की जिला स्तरीय दो दिवसीय संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी ने बड़ीसादड़ी नगर के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में दोपहर में शुक्रवार को व्यक्त किए। मुख्य अतिथि चौधरी ने कहा कि राज्य की गहलोत सरकार खेलों के विकास को लेकर काफी गंभीर है। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल पूरे दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। 5 अगस्त से प्रारंभ होने वाले इन खेलों में सभी आयु वर्ग के लोग भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मुख्य अतिथि प्रकाश चौधरी ने कहा कि राजस्थान सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम ओपीएस लागू कर बहुत बड़ा तोहफा दिया है। गहलोत सरकार जनता से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों पर भी पूरी तरह से संवेदनशील है। स्कूली खेलों में भी राज्य सरकार ने कई नए खेल सम्मिलित कर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया है। समारोह में मुख्य अतिथि चौधरी ने डीएमएफटी फंड से बैडमिंटन हॉल बनाने की घोषणा की। इस घोषणा पर सदन तालियों से गूंज उठा। मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का आयोजकों की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। बड़ीसादड़ी शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मदनलाल ने बताया कि दो दिवसीय इस संगोष्ठी में कई खेलों के विशेषज्ञ अपनी वार्ताएं देंगे। बैडमिंटन के राष्ट्रीय निर्णायक चंद्रकांत शर्मा ने बताया कि 2 दिन चलने वाली इस संगोष्ठी में जिले के 350 शारीरिक शिक्षक शिक्षिकाएं खेलों में हुए नवाचारों से अवगत होंगे। समारोह की अध्यक्षता कर रहे मुख्य ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत चौबीसा ने शारीरिक शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शारीरिक शिक्षक खेलों के विकास के साथ-साथ और भी कई विभागीय दायित्व बखूबी निभा रहे हैं जो काबिले तारीफ है। सीबीईओ चौबीसा ने कहा कि समय के साथ-साथ शारीरिक शिक्षकों के दायित्व और भी बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक शारीरिक शिक्षक अपने कर्तव्यों को ठीक से निभाते आ रहे हैं। इसी प्रकार आगे भी निभाते रहेंगे। प्रधानाचार्य आदर्श पालीवाल ने कहा कि पहले की तुलना में आज भारत देश खेल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उसके पीछे शारीरिक शिक्षक की भूमिका जरूर है। प्रधानाचार्य पालीवाल ने अपने स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किये जाने पर स्थानीय शारीरिक शिक्षकों के मिले सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक सूर्य प्रकाश गर्ग ने शारीरिक शिक्षकों के प्रमोशन आदि मांगों को पुरजोर शब्दों में उठाते हुए मुख्य अतिथि का ध्यान आकर्षित किया। समारोह के आरंभ में अतिथियों का स्वागत शांतिलाल मेनारिया मांगू गिरी गोस्वामी, नटवर लाल शर्मा दिनेश चंद्र जणवा, गफ्फार खान पठान, स्थानीय शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मदन लाल वेद, भगवती लाल सुथार, कैलाश चंद्र मालू ने किया। समारोह के अंत में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अजय डांगी ने सभी का आभार जताया।