हरियाली तीज के अवसर पर आमजन ने किया उत्साह से पौधारोपण, हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले भर में लगाए जाएंगे 17 लाख पौधे

हरियाली तीज के अवसर पर आमजन ने किया उत्साह से पौधारोपण, हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले भर में लगाए जाएंगे 17 लाख पौधे

(दिलखुश टाटावत)
देवली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आह्वान पर आमजन की भागीदारी से हरियालो राजस्थान अभियान हरियाली और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। इसी के तहत हरियाली तीज के अवसर पर रविवार को जिले सभी उपखंडों, तहसीलों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों,राजकीय विभागों, समाजसेवी, गैर सरकारी संगठन, पर्यावरण प्रेमी और आमजन के सहयोग से पौधे लगाए गए। 76वां जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में टोंक शहर के  लव कुश वाटिका में आयोजित हुआ। इसकी शुरुआत महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकालने के साथ हुई। जिसमें विधायक राजेंद्र गुर्जर, जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल, उपवन संरक्षक मरिय  शाइन ए,सीईओ परशुराम धानका समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक और लहरिया की पारंपरिक पोशाक पहने महिलाएं शामिल हुई।

कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि प्रकृति के अनुकूल रहकर ही मानव जीवन का विकास संभव है, अगर हमने इसके प्रतिकूल जाने की कोशिश की तो इसके परिणाम बेहद भयावह होंगे। इसलिए जल, जंगल और जमीन को बचाने में जन सहभागिता आवश्यक है। जिला प्रमुख ने कहा कि प्रकृति का पेड़ों की हरियाली से श्रृंगार होता है। प्रकृति हमें दौड़ भाग की जिंदगी में सुकून देती है। उन्होंने सभी से पर्यावरण  संरक्षण का आह्वान किया। जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने पेड़ों को लगाने के बाद उनकी सुरक्षा और देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ को बड़ा होने तक उसका बच्चे की तरह पालन पोषण करें। उपवन संरक्षक मरिए शाइन ए ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया की हरियाली तीज के अवसर पर जिले में आज 4 लाख पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही जिले भर में इस वर्ष कुल 17 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के पश्चात जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कार्मिकों और शहर के लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।