कपासन में मनाई शीतलाष्टमी: महिलाओं ने माता को लगाया ठंडे पकवानों का भोग, परिवार को निरोगी रखने की कामना, रंगोत्सव की धूम हुई शुरू
कपासन में शीतला अष्टमी के पर्व पर महिलाओं ने शीतला माता के स्थान पर पहुंच कर माता की पूजा अर्चना कर ठंडे पकवानो (बासोडा) का भोग लगा परिवार को निरोगी रखने, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महिलाओं ने शीतला माता की कहानियों का श्रवण किया। यहां आज रंगों की होली भी खेली जा रही हैं। दोपहर बाद परंपरा के अनुसार इलाजी की बारात भी निकाली जाएगी। कस्बे में अष्टमी को शीतला माता की पूजा करने की परंपरा है। जिसके अनुसार आज बुधवार को शीतला माता की पूजा अर्चना कर शीतला अष्टमी मनाई गई। इस अवसर पर कस्बे के गुलाब सागर स्थित शीतला माता के स्थान पर सुबह 3 बजे से ही महिलाएं सजधज कर पूजा करने पहुंचने लगी और वहां पूजा करने वाली महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने परिवार को निरोगी रखने ओर खुशहाली की कामना कर शीतला माता की पूजा अर्चना की ओर बासी भोजन का भोग लगाया। शीतला माता की कथा का श्रवण किया। पूजा करने महिलाएं दल बनाकर गीत गाती हुई पहुंची और शुभ मुहूर्त में पूजा अर्चना की। महिलाओं की सुरक्षा हेतु कस्बे से शीतला माता के स्थान तक गत रात से ही पुलिस के जवान तैनात रहे। जिसमें महिला पुलिस भी शामिल रही।
कस्बे में रंगों की होली भी अष्टमी को खेली जाती हैं। शीतला माता की पूजा के साथ ही कस्बे में होली खेलना शुरू किया। आज दोपहर बाद परंपरा के अनुसार इलाजी की बारात भी ढोल धमाकों के साथ निकाली जाएगी।