कपासन में तेज हवाओं के साथ हुई बरसात: अफीम की फसल में हुआ नुकसान, बदले मौसम से अफीम कास्तकारों की बढ़ी चिंता

क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल जाने से अफीम उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है। आज सोमवार दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाने के साथ तेज हवा चली और बारिश हुई। इससे तापमान में कमी आई। अफीम की फसल में डोडों पर आई अफीम धुल गई। कई जगह फसल आड़ी पड़ गई।
किसानों का कहना है कि सोमवार सुबह मौसम साफ था। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए। बादलों की गर्जनाओं के साथ तेज हवाएं चलने लगी। ढाई बजे बरसात शुरू हुई जो लगभग 15 से 20 मीनट तक चली, इससे मौसम ठंडा हो गया। बरसात के बाद भी आसमान में बादल छाए रहे।
बेमौसम बारिश ने अफीम काश्तकारों की चिंताएं बढ़ाई
आज चली तेज हवाओं और इसके साथ हुई बरसात से अफीम की फसल में नुकसान हुआ। डोडो में चीर लगाने के बाद उसमे आई अफीम बरसात में धूल गई। तेज हवाओं के कारण कई जगह फसलें आड़ी पड़ गई जिससे भी उसमें नुकसान हुआ। दामाखेड़ा के किसान मोहन जाट ने बताया कि आज डोडो में आया अफीम का दूध लगभग 80 प्रतिशत बारिश में धूल कर खराब हो गया।