परिजनों का अंदेशा सही निकला, वृद्ध का मिला शव

(दिलखुश टाटावत)
देवली। समीप की अंबेडकर कॉलोनी थाना हनुमान नगर निवासी वृद्ध व्यक्ति का शव आखिरकार बनास नदी में मिल गया। जिस अनहोनी का परिजन अनुमान लगा रहे थे, वही हुआ। इस दौरान मछुआरों की बोट से ढूंढने का प्रयास किए जाने पर यह सफलता हासिल हुई। हालांकि इससे पहले पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को सूचना दे दी थी शव निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर ही परिजन रो पड़े। दरअसल मृतक जवाहरलाल पुत्र छीतर लाल गुर्जर निवासी अंबेडकर कॉलोनी गणेश रोड देवली है। जवाहरलाल शनिवार सुबह 10 बजे घर से निकले थे। इसके बाद देवली गांव स्थित अपने रिश्तेदार के गए। बाद में उनका कोई पता नहीं लगा। बाद में जवाहरलाल की कमीज, साफा व जूते नेगडिया पुलिया पर पाए गए। इस आधार पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोट की मदद से जवाहरलाल की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद जवाहरलाल पानी में तैरता पाया गया। यह शव पुलिया से थोड़ा आगे बीसलपुर की ओर बहकर चला गया था। शव निकलते ही परिजन बिलख पड़े। पुलिस शव को चिकित्सालय देवली की मोर्चरी में लेकर आ रही है। जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा। मामले में परिजनों से रिपोर्ट ली जाएगी।