गौकुलधाम गौशाला में जैविक खाद निर्माण प्रकल्प का शुभारंभ
दौसा। गौकुलधाम गौशाला में शनिवार को वर्मी कंपोस्ट निर्माण प्रकल्प का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमत उपासक व अंतरराष्ट्रीय जादूगर एस कुमार के सानिध्य में राजापार्क मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा व लक्ष्मण सिंह नूनीवाल चेयरमैन अतिक्रमण निरोधक समिति नगर निगम ग्रेटर जयपुर द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रदेशाध्यक्ष निशा नागर ने की। अंतर्राष्ट्रीय जादूगर एस कुमार ने कहा की गौकुलधाम गौशाला गौ संरक्षण व गौ-संवर्धन की दिशा में उत्कृष्ठ कार्य कर रही है। गौशाला संचालक विश्वेश कुमार शर्मा ने वर्मी कंपोस्ट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेती में रासायनिक खादों का खूब इस्तेमाल हो रहा है। इनका प्रयोग होने से हमारे स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। बढ़ती बीमारी और प्रदूषण को देखते हुए लोगों का आकर्षण अब जैविक खेती की ओर बढ़ रहा है। जैविक खेती तभी संभव है जब प्रयोग की जाने वाली खाद भी ऑर्गेनिक हो। वर्मी कंपोस्ट ऑर्गेनिक खाद है।
वर्मी कंपोस्ट मिट्टी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखती है। इससे खेतों में फसलों की वृद्धि होती है।भूमि में उपयोगी जीवाणुओं की संख्या में वर्मी कंपोस्ट वृद्धि करती है। इसके प्रयोग से फल, सब्जी, अनाज की गुणवत्ता में सुधार होगा।
महिला प्रदेशाध्यक्ष निशा नागर ने सभी लोगों को गौ गव्य से निर्मित उत्पादों को ज्यादा से ज्यादा घरों में उपयोग करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर गौशाला अध्यक्ष घनश्याम जोशी,श्याम शर्मा,महावीर शर्मा,मक्खन लाल,लल्लू लाल, राकेश शर्मा,रामावतार शर्मा,सुशीला शर्मा, दीपिका शर्मा,अंजू, चंचल,अक्षत नागर,सीताराम सैनी,दुर्गेश,रामप्रकाश गुर्जर,मोहित शर्मा,मनीष आदि उपस्थित रहे।