9 एमएम पिस्टल से किया गया था शूट

(दिलखुश टाटावत)
देवली। पंजाब निवासी युवकों की ओर से गोली मारने के बाद शव का शुक्रवार को देवली चिकित्सालय की मोर्चरी में पोस्टमार्टम किया गया। यह पोस्टमार्टम कई घंटे लंबा चला। उल्लेखनीय है कि बलेनो कार में हमलावरों ने कमल पुत्र रामनिवास कंजर के बाई कान के पास कनपटी पर गोली मारी गई थी, जो दाई ओर आ गई। जिसकी उसी दौरान मौत हो गई। कमल का शव गुरुवार रात मेहंदवास थाने के बाईपास पर कार में मिला था। इधर, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मेडिकल बोर्ड में शामिल ऑर्थोपेडिक्स डॉ. चैतन्य प्रकाश मीणा और नवरतन बैरवा ने पोस्टमार्टम शुरू किया। इस दौरान पोस्टमार्टम करीब सवा 3 घंटे चला, जो दोपहर सवा एक बजे जाकर खत्म हुआ। इस बीच चिकित्सकों को कारतूस ढूंढने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। करीब सात बार एक्स-रे किया गया। तब जाकर कारतूस का पता लग सका। यह कारतूस 9 एमएम बताया गया है।
बाएं हिस्से से मारी थी गोली
ऑर्थोपेडिक्स डॉ. चैतन्य प्रकाश मीणा ने बताया कि बॉडी में कारतूस ढूंढने के लिए आधा दर्जन से अधिक बार एक्सरे करने पड़े। कारतूस ने सिर के बाएं तरफ़ मास्टॉयड क्षेत्र कान के पीछे 3 सेमी. से प्रवेश किया। यहां घाव का कोई निकास नहीं है। वहीं खोपड़ी के आधार के नीचे पहली ग्रीवा कशेरुका के सामने दाएं स्टर्नोक्लेडोमैस्टॉयड क्षेत्र से गोली निकाली गई।